राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.03 लाख मामलों का निस्तारण, 18 दंपतियों का घर फिर बसा
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान रिपोर्ट रामपुर
रामपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री भानु देव शर्मा, जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सिसोदिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न विभागों, बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं से संबंधित 94,379 मामलों तथा दीवानी न्यायालयों के 9,365 वादों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल 1,03,744 मामलों का निस्तारण हुआ।
इस दौरान जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने विभिन्न बैंकों और विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का निरीक्षण किया तथा वादकारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
18 दंपतियों ने फिर थामा एक-दूसरे का हाथ
परिवार न्यायालय में 27 वैवाहिक मामलों तथा धारा 125 दंड प्रक्रिया संहिता से संबंधित 78 वादों का निस्तारण किया गया। इनमें 18 ऐसे मामले थे, जिनमें दंपतियों के बीच विवाद के कारण वैवाहिक संबंध टूटने की स्थिति में पहुंच गए थे।
प्रधान न्यायाधीश ने दोनों पक्षों को साथ बैठाकर बातचीत कराई और समझाइश के माध्यम से उन्हें पुनः साथ रहने के लिए राजी किया। इसके बाद जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति में 18 दंपतियों ने एक-दूसरे को फूलमाला पहनाकर आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया।
दुर्घटना पीड़ितों के आश्रितों को 6.63 करोड़ रुपये की सहायता
लोक अदालत के दौरान 60 मोटर दुर्घटना वादों का निस्तारण करते हुए मृतकों एवं घायलों के आश्रितों को कुल 6 करोड़ 63 लाख 76 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई।
लोक अदालत में कलेक्ट्रेट न्यायालयों, कैनाल मजिस्ट्रेट, बाट-माप, आबकारी, एआरटीओ, श्रम, नगर निकाय, विद्युत, उपभोक्ता, कृषि, जिला पंचायत, पूर्ति, समाज कल्याण, महिला कल्याण, चिकित्सा, ग्रामोद्योग, बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का भी निस्तारण किया गया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें